दिल्ली सरकार शिक्षा में किए जा रहे अभिनव प्रयोगों से दुनियाभर के नेताओं को अवगत कराएगी। दिल्ली के शिक्षा मॉडल पर चर्चा करने के लिए उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया तीन दिवसीय रिवायरड शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दुबई जा रहे हैं। वहां सिसोदिया विशेष रुप से हाई पॉवर पैनल चर्चा में एस्टोनिया, इटली, बांग्ला देश और सऊदी अरब केशिक्षा मंत्रियों के साथ दिल्ली सरकार के माइंडसेट करिकुलम पर चर्चा करेंगे। इस दौरान ब्रिटेन के मंत्री माइक फ्रीर के साथ दिल्ली-ब्रिटेन के बीच शिक्षा के आदान-प्रदान को लेकर द्विपक्षीय पार्टनरशिप को लेकर भी चर्चा की जाएगी।
उच्च शिक्षा निदेशक रंजना देशवाल भी शामिल होंगी
दिल्ली सरकार के अनुसार दिल्ली के शिक्षा मॉडल की चर्चा अब देश में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में हो रही है। विश्व के सभी देश दिल्ली एजुकेशन मॉडल और यहाँ एजुकेशन में किए गए नए-नए इनोवेशन को जानना चाहते हैं। दुबई में हो रहे शिखर सम्मलेन में उपमुख्यमंत्री के साथ शिक्षा सचिव एच राजेश प्रसाद, शिक्षा निदेशक हिमांशु गुप्ता व उच्च शिक्षा निदेशक रंजना देशवाल भी शामिल होंगी।
एक्सपो 2020 दुबई के साथ मिलकर किया जा रहा
यह शिखर सम्मलेन दुबई केयर्स के द्वारा एक्सपो 2020 दुबई के साथ मिलकर किया जा रहा है। इसका उद्देश्य वैश्विक नेताओं, शिक्षाविदों, नीति निर्माताओं एवं संस्थानों को साथ लाकर शिक्षा में अपनाए जा रहे नवाचारों और वर्तमान की जरूरतों को देखते हुए भविष्य की शिक्षा पर चर्चा करना है। सम्मेलन में दुनियाभर से आए शिक्षाविदों, संस्थानों, ब्यूरोक्रेट्स, नीति-निर्माताओं और राजनेताओं के साथ दिल्ली के शिक्षा मॉडल में अपनाए गए नए इनोवेशन व माइंडसेट करिकुलम को साझा किया जाएगा। दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था में तीन माइंडसेट करिकुलम की शुरुआत की गई, इनमें हैप्पीनेस माइंडसेट करिकुलम, एंत्रप्रेन्योरशिप माइंडसेट करिकुलम व देशभक्ति करिकुलम शामिल है।