द्वारका के सेक्टर-14 मेट्रो स्टेशन पर बोर्ड परीक्षा के तनाव में आकर शुक्रवार की दोपहर एक छात्रा ने मेट्रो ट्रैक पर छलांग लगा दी। छात्रा के ट्रैक पर कूदने पर स्टेशन परिसर में अफरा तफरी मच गई। घायल छात्रा के घुटने पर चोट लगी है। सीआईएसएफ कर्मी उसे द्वारका स्थित इंदिरा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस छात्रा से पूछताछ कर मामले की छानबीन में जुटी है। मेट्रो पुलिस उपायुक्त का काम देख रहे भरत रेड्डी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 12.58 बजे पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-14 मेट्रो स्टेशन पर एक लड़की ने मेट्रो ट्रैक पर कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जहां पता चला कि घायल छात्रा को पास के इंदिरा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला कि ट्रैक पर कूदने से छात्रा घायल हो गई थी।