दिल्ली के गृह विभाग मंत्री कैलाश गहलोत ने शनिवार को तिहाड़ जेल नंबर-3 और 6 का दौरा किया। इस दौरान गृह विभाग मंत्री ने कैदियों के रहने की स्थिति में सुधार लाने, कर्मचारियों के कल्याण और सुविधाओं को बेहतर बनाने का निर्देश दिया। मंत्री के साथ गृह विभाग सचिव चंचल यादव, जेल महानिदेशक सतीश गोलचा, अतिरिक्त महानिरीक्षक कारागार डॉ. अजय कुमार बिष्ट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति में सुधार करने की क्षमता होती है। उसे ऐसा करने के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। विश्वास है कि सरकार, जेल अधिकारियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से न्यायपूर्ण और न्यायसंगत समाज का निर्माण कर सकते हैं। सेंट्रल जेल नंबर 6 (महिला बैरक) के निरीक्षण के दौरान गृह मंत्री कैलाश गहलोत ने व्यवसायिक प्रशिक्षण इकाई, सिलाई, आभूषण उत्पादन और क्रेच समेत कई प्रमुख क्षेत्रों का निरीक्षण किया। मंत्री ने मेडिकल रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण करने को कहा। मंत्री जेल नंबर 3 में गए। उन्होंने गौशाला, लंगर (सामुदायिक रसोई) और 120 बिस्तरों वाले अस्पताल का निरीक्षण किया।
मंत्री ने दिए निर्देश
- तिहाड़ जेल में विजिटर्स के लिए इलेक्ट्रिक वाहन की सुविधा शुरू करने का प्रस्ताव दिया।
- जेल फैक्ट्रियों के संचालन और उनकी उत्पादकता को बढ़ाने का निर्देश दिया।
- कैदियों को समाज की मुख्य धारा में शामिल करने के लिए गहन कौशल विकास कार्यक्रमों का हो विस्तार।
- जेल में भीड़ कम करने के लिए नरेला में प्रस्तावित जेल के निर्माण में तेजी लाने और बापरोला में जेल के लिए भूमि अधिग्रहण में तेजी लाने को कहा।
- कैदियों की शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर करने के लिए कार्यक्रम चलाने का प्रस्ताव रखा।
- कहा, दिल्ली की सभी जेलों में एक व्यापक मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम शुरू किया जाएगा।
- पीडब्ल्यूडी को आपातकालीन आधार विभिन्न शौचालय का आवश्यक नवीकरण और मरम्मत करने का निर्देश।
- मंत्री ने जेल स्टाफ को पदोन्नति के अवसर देने का निर्देश दिया।