नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा ने सभी 14 संगठनात्मक जिलों में शनिवार को कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में 140 विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। इनमें प्रमुख रूप से तिरंगा यात्रा, विजय यात्रा, शिक्षण संस्थानों में कारगिल विजय पर व्याख्यान, शहीद स्मारकों में श्रद्धांजलि सभा जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें स्थानीय सांसद, विधायक सहित प्रदेश के पदाधिकारी भी शामिल हुए। जिला कार्यक्रमों का संयोजन अशोक ठाकुर ने किया। इस अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर इंडिया गेट स्थित नेशनल वार मेमोरियल जाकर वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि कारगिल की लड़ाई हमारे तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के शासन में लड़ी गई थी, जिसमें भारतीय सेना ने पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद को कुचलने का काम किया था। संवाद