राजधानी के पीतमपुरा में दुर्गा विसर्जन के दौरान हुई खूनी वारदात ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। सोशल मीडिया पर किए एक कमेंट को लेकर हुए विवाद में नौवीं कक्षा के छात्र अरुण की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हमले में उसका दोस्त आशु भी गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात में एक अन्य युवक के भी घायल होने की सूचना है। उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस ने मामला दर्ज कर चार नाबालिग आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल खून से सना खंजर भी बरामद किया गया है। हमले के दौरान आरोपियों ने मास्क लगाए थे।
उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि हत्या की वारदात 20 अक्तूबर को मौर्य एन्क्लेव थाना क्षेत्र के अंतर्गत पीतमपुरा के क्यू ब्लॉक के पास हुई। पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, घायल अरुण और आशु को बीएसए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अरुण को मृत घोषित कर दिया। आशु के शरीर पर चाकू से वार के निशान मिले हैं। पुलिस ने मौर्य एन्क्लेव थाने में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विसर्जन के दौरान किया हमला
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि दुर्गा विसर्जन जुलूस के दौरान कुछ लड़कों ने आशु पर चाकू से हमला कर दिया। दोस्त पर हमला होते देख नौवीं कक्षा का छात्र अरुण उसे बचाने के लिए आगे आया। इसी दौरान हमलावरों ने अरुण पर भी चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल अरुण को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इंस्टाग्राम पर कमेंट को लेकर था विवाद
शुरुआती जांच में पता चला कि अरुण का आरोपियों के साथ इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट पर कमेंट करने को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि चाकूबाजी से पहले इंस्टाग्राम पर एक लड़की को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिगरेट पीने के विवाद में चाकू गोदकर युवक की हत्या, दो किशोर समेत 6 पकड़े गए
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर थाना इलाके में सोमवार रात सिगरेट पीने को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पार्क में धूम्रपान करने का विरोध करने पर आरोपियों ने एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सीलमपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो बाल अपचारियों समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल चाकू और आरोपियों के खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं।
डीसीपी उत्तर-पूर्वी दिल्ली राहुल अलवाल के मुताबिक, मृतक की पहचान सीलमपुर के नूर इलाही स्थित सुभाष मोहल्ला निवासी सुहान (20) पुत्र अतीक के रूप में हुई है। सुहान के दोस्त मोहसिन (30) ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि सोमवार (20 अक्तूबर) रात करीब नौ बजे वह और सुहान सेंट्रल पार्क में खड़े होकर सिगरेट पी रहे थे। इसी दौरान वहां पांच-छह लड़के पहुंचे और पार्क में धूम्रपान करने पर आपत्ति जताई। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई।
देखते ही देखते आरोपियों ने सुहान पर चाकू से कई वार कर दिए। इसके बाद वे उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए। मोहसिन ने घायल सुहान को तुरंत जग प्रवेश चंद्र अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। सुहान की मौत के बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की हत्या संबंधी धारा भी जोड़ दी गई।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
एसीपी सीलमपुर सुशील कुमार की देखरेख में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अभिषेक के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद से कुछ ही घंटों में आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान न्यू सीलमपुर निवासी अमन खान उर्फ अरशू (21), अफजल खान (18) और शोएब मिर्जा (18) तथा गौतमपुरी निवासी अब्दुल मोमिन (18) के रूप में हुई है। इनके अलावा करीब 17 वर्ष की उम्र के दो बाल अपचारियों को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है।