संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। बारामुला से लोकसभा सांसद इंजीनियर राशिद की संसद के मानसून सत्र में भाग लेने की याचिका पर पटियाला हाउस कोर्ट में मंगलवार को फैसला होगा। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश चंदर जीत सिंह की अदालत ने सोमवार को राशिद की उस याचिका पर सुनवाई स्थगित कर दी, जिसमें उन्होंने संसद सत्र में भाग लेने के लिए अंतरिम जमानत या हिरासत पर पैरोल की मांग की थी। अदालत ने 15 जुलाई को इस याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया था। राशिद के वकील ने दलील दी कि उनके मुवक्किल को सांसद होने के नाते अपने संवैधानिक कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए संसद में भाग लेने की अनुमति मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर अंतरिम जमानत संभव न हो, तो हिरासत में पुलिस सुरक्षा के साथ पैरोल दी जाए, जिसमें यात्रा का खर्च न वसूला जाए।