नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय ने दिसंबर में होने वाली सेमेस्टर परीक्षाओं के परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। छात्र अब बिना विलंब शुल्क के 15 नवंबर तक अपने फॉर्म जमा कर सकते हैं।पहले यह तिथि 15 अक्तूबर तक निर्धारित की गई थी। डीयू परीक्षा शाखा ने बिना विलंब शुल्क के फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 15 नवंबर रात 11:59 मिनट तय की है। विलंब शुल्क के साथ छात्र 22 नवंबर रात तक फॉर्म भर सकते हैं। यह सुविधा नियमित कॉलेज, एनसीवेब और एसओएल के पहले, तीसरे, पांचवें और सातवें सेमेस्टर के छात्रों के लिए है। विश्वविद्यालय ने छात्रों को सलाह दी है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें। समय पर फॉर्म भरने से उन्हें परीक्षा में शामिल होने के दौरान किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। ब्यूरो