रावली रोड स्थित हकीमपुरा कॉलोनी में रविवार रात छह वर्षीय बच्चे का शव तालाब में पड़ा मिला। रविवार शाम चार बजे से बच्चा लापता था। परिजनों ने एक परिवार पर बच्चे को डुबाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
हकीमपुरा कॉलोनी में धोबीपुरा मोहल्ले में नासिर परिवार समेत रहते हैं। वह मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। परिवार में पत्नी साजो, तीन लड़के व एक बेटी है। उनका बेटा सावेज (6) मदरसे में पढ़ता था। रविवार शाम करीब चार बजे सावेज घर से निकला था, लेकिन उसके बाद घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। शाम करीब पांच बजे बच्चे के कपड़े उनके घर के बाहर पड़े मिले।
परिजनों ने बच्चे की तलाश कॉलोनी के पास निर्माणधीन तालाब में की। आधा घंटे तक तलाश के बाद भी सावेज नहीं मिला। इसके बाद दोबारा रात्रि करीब साढ़े आठ बजे परिवार के सभी लोगों ने तलाश शुरू की तो उसका शव तालाब में पड़ा मिला। बच्चे का शव तालाब में मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप है कि रंजिश के चलते पड़ोस में रहने वाले परिवार ने उनके बच्चे को तालाब में डूबाकर उसकी हत्या कर दी। एसीपी सिद्धार्थ गौतम मय पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंचे। एसीपी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद बच्चे की मौत का कारण स्पष्ट होगा।
बच्चे का शव मिलने पर लोगों ने किया हंगामा
निर्माणधीन तालाब में बच्चे का शव मिलने के बाद कॉलोनी के लोग एकत्र हो गये और हंगामा शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि नगर पालिका परिषद द्वारा बनाए जा रहे तालाब का निर्माण धीमीगति से चल रहा है, पालिका ठेकेदार ने गहरा व बड़ा गढड़ा बनाकर छोड़ दिया। वहीं, लोगों ने मांग की है कि यदि बच्चे की हत्या की गई है तो आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाये।