- 200 वर्ग किमी. क्षेत्र में होगा विकास, 12 लाख नए घर बनाने की योजना
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली के बाहरी इलाकों में सुनियोजित शहरी विकास को गति देने के लिए डीडीए लैंड पूलिंग क्षेत्रों में महीने भर जागरूकता अभियान चलाएगा। इसके तहत गांवों में शिविर लगाकर किसानों और जमीन मालिकों को नीति की जानकारी दी जा रही है। साथ ही उनकी समस्याएं सुनकर सवालों के जवाब भी दिए जा रहे हैं। प्राधिकरण के अनुसार, मास्टर प्लान-2047 के तहत लैंड पूलिंग नीति के जरिए करीब 200 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में शहरी विकास की योजना है। इसके तहत लगभग 12 लाख नए घर बनाने और 600 किलोमीटर से अधिक लंबा सड़क नेटवर्क विकसित करने की संभावना है। योजना में आवास के साथ बिजली, पानी, विद्यालय, अस्पताल, पार्क और व्यावसायिक सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया गया है। डीडीए अब तक बक्करवाला, तिगीपुर और सुल्तानपुर डबास में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर चुका है। इनमें जमीन मालिकों ने नीति के तहत भागीदारी को लेकर जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि सड़क नेटवर्क और भूखंडों से संबंधित जानकारी जल्द अधिसूचित की जाएगी। छावला, सरनपुर, नेब सराय, खेड़ा कलां और मुखमेलपुर में भी शिविर लगाए जाएंगे। लैंड पूलिंग नीति के तहत जमीन मालिक स्वेच्छा से अपनी जमीन विकास के लिए एक साथ उपलब्ध करा सकते हैं। इसके बाद नियोजित तरीके से आवासीय क्षेत्रों, सड़कों और सार्वजनिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। नीति में 20 हेक्टेयर की नियोजन योजनाओं के माध्यम से चरणबद्ध विकास का भी प्रावधान है। गढ़ी खुसरो के सेक्टर 8बी और इब्राहिमपुर में भी नीति के शुरुआती कार्यान्वयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।