संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन।
गुरुग्राम स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की सेंट्रल यूनिट ने उटावड़ थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ, मेड इन चाइना अत्याधुनिक पिस्टल, दो मैगजीन और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि एक आरोपी गांव मलाई के समीप अवैध हथियार और नशीले पदार्थों के साथ मौजूद है। सूचना पर टीम ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पहचान होडल की घारम पट्टी निवासी धन सिंह उर्फ काजू के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके बैग से 277 ग्राम हेरोइन, 12 ग्राम एमडीएमए, एक मेड इन चाइना पिस्टल, दो मैगजीन और छह कारतूस बरामद हुए। जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ जनवरी 2025 में शहर थाना में धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। उस मामले में फरार रहने के कारण उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ उटावड़ थाना में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत नया मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी दिनेश यादव ने बताया कि एसटीएफ जांच कर रही है।