-आनंद पर्वत इलाके मेंं वारदात को दे रहा था अंजाम, बदमाश पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आनंद पर्वत थाना पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले बदमाश को गिरफ्तार किया है। पहचान नांगलोई निवासी अंकित उर्फ माफिया के रूप में हुई है। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से फोन और एक चाकू बरामद किया है। बदमाश पर पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। मध्य जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि 21 जनवरी को आनंद पर्वत थाना पुलिस को फोन छीनने की घटना के बारे में सूचना मिली। सीसीटीवी कैमरे में बदमाश वारदात को अंजाम देने के दौरान कैद हो गए थे। उनकी पहचान के लिए मुखबिरों को सक्रिय किया गया। 28 जनवरी को पुलिस ने एक सूचना पर आरोपी को न्यू रोहतक रोड, सराय रोहिल्ला बस स्टैंड, आनंद पर्वत के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में लूट की वारदात में शामिल होने की बात कबूल की। उसने बताया कि घटना वाले दिन उसने शिकायतकर्ता से पांच सौ रुपये मांगे थे। रुपये देने से मना करने पर उसने चाकू की नोक पर उससे फोन छीन लिया।