दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में गली में क्रिकेट खेल रहे नाबालिगों को नसीहत देना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। क्रिकेट खेल रहे दो नाबालिगों ने युवक के सिर पर बैट से जोरदार वार कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सब्जी मंडी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दोनों नाबालिगों को पकड़ लिया। उन्हें बाल न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मूलरूप से गांव डाला बाजार गोंडा, उत्तर प्रदेश निवासी अंगद गुप्ता (22) अपने दो छोटे भाइयों रोहित (19) व चंदू (16) और एक बहन के साथ सब्जी मंडी के सीता शरण कॉलोनी में रहता था। वह रोशनआरा रोड स्थित एक रेस्तरां में काम करता था। उसके पिता हनुमान प्रसाद और मां गुजरात के सूरत में सब्जी का कारोबार करते हैं। अंगद के पड़ोस में उसके मामा गंगाराम गुप्ता का परिवार रहता है।
मंगलवार शाम अंगद झरौदा में रहने वाले अपने मामा यमुना प्रसाद के घर से लौट रहा था। उसकी गली में कुछ लड़के क्रिकेट खेल रहे थे। वहां से गुजरने के दौरान अंगद को बॉल लग गई। इस पर वह लड़कों से ठीक से क्रिकेट खेलने की बात कहकर अपने घर चला गया और बाहर कुर्सी पर बैठा था।
तभी क्रिकेट खेल रहा 17 वर्षीय किशोर अपने दोस्त 15 वर्षीय किशोर के साथ अंगद के पास पहुंचा। 17 वर्षीय किशोर ने बैट से अंगद के सिर के पिछले भाग पर जोरदार वार कर दिया। बैट लगते ही अंगद कुर्सी से नीचे गिर गया और उसके मुंह से खून निकलने लगा।
शोर होने पर गंगाराम का बेटा धर्मेंद्र वहां पहुंचा और जख्मी अंगद को लेकर बाड़ा हिंदूराव अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया और गंगाराम के बयान पर हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल बैट को बरामद कर लिया है। 17 वर्षीय आरोपी 11वीं और 15 वर्षीय आरोपी नौवीं कक्षा में पढ़ता है।