फर्श बाजार इलाके में चार लाख रुपये के फेर में महिला ने करीब एक लाख रुपये के पहने हुए जेवरात गंवा दिए। दो युवकों ने पीड़िता को चार लाख रुपये देने का झांसा देकर उसे कागज की गड्डियां थमा दी और जेवरात लेकर फरार हो गए। पीड़िता ने घर पहुंचकर जब बैग खोला, तो उसे इसकी जानकारी हुई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। फर्श बाजार थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता स्वाति वर्मा (34) परिवार के साथ पठानपुरा, शाहदरा में रहती है। शुक्रवार सुबह वह अपने बेटे को स्कूल से लेने गई थी। इस बीच फर्श बाजार इलाके में रास्ते में उसे दो युवक मिले। दोनों ने दीदी कहकर स्वाति को रोक लिया। एक युवक ने कहा कि उसके पास चार लाख रुपये हैं।
वह ट्रेन में इतने सारे रुपये लेकर नहीं जा सकता है। ट्रेन में रुपये पकड़े जाएंगे। आप रुपये लेकर पहने हुए जेवरात दे दो। आरोपियों ने बैग में ऊपर से रुपयों की गड्डियां भी दिखाई। पहले तो पीड़िता ने मना कर दिया, लेकिन बाद में वह तैयार हो गई।
आरोपियों ने रुपयों के बदले उसके पहने हुए जेवरात मांगे। स्वाति ने रुपयों का थैला लेकर पहने हुए करीब एक लाख रुपये के जेवरात उसे थमा दिए। पीड़िता घर पहुंची तो उसने देखा कि गड्डियों के ऊपर एक असली नोट लगा था, बाकी नीचे कागज की रद्दी थी।