द्वारका नार्थ इलाके में एक महिला की संदिग्ध हालत में चौथी मंजिल से नीचे गिरने पर मौत हो गई। जांच में पता चला है कि महिला अपने परिचितों के साथ पार्टी में शामिल हुई थी। शराब के नशे में वह रेलिंग के पास आ गई और लड़खड़ाकर नीचे गिर गई। मामले की जांच कर रहे एसडीएम ने परिवार के सभी सदस्यों का बयान लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मरने वाली महिला की पहचान ककरौला गांव निवासी रानी (22) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार रानी ककरौला गांव में पति आशीष के साथ रहती थी। वह ब्यूटी पार्लर में काम करती थी। रविवार रात रानी अपने भाई, दोस्त, बहन और जीजा के साथ अंबिका विहार स्थित एक इमारत की चौथी मंजिल पर पार्टी कर रही थी। इस दौरान सभी ने शराब पी। ज्यादा शराब पीने की वजह से रानी की तबियत खराब हो गई। वह उल्लटियां करने लगी।
रानी को नहलाया गया और कमरे में आराम करने के लिए लिटा दिया गया। कुछ देर बाद वह वॉशरूम जाने के लिए उठी। वह वाशरूम जाने के बजाए रेलिंग के पास आ गई और संतुलन बिगड़ने की वजह से वह नीचे गिर गई। परिवार के लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने जख्मी हालत में रानी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।