दहेज के लिए महिला की पीट-पीटकर हत्या, पति गिरफ्तार
Thu, 19 Jan 2017 12:21 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, दिल्ली
सार
नंद नगरी इलाके में हुई वारदात, परिजनों ने सास व पति पर लगाए पीटने के आरोप
पीट-पीटकर महिला की हत्या,पति गिरफ्तार
-पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा, मोर्चरी में भी दोनों परिवारों में हो गई तू-तू, मैं-मैं
-नंद नगरी इलाके में हुई वारदात, परिजनों ने सास व पति पर लगाए पीटने के आरोप-पुलिस के अलावा क्षेत्रीय एसडीएम कर रहे मामले की छानबीन, परिजनों से पूछताछ जारी
-महिला के सिर और शरीर पर मिले चोट के निशान, सिर पर किसी भारी वस्तु से किया गया वार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली, 18 जनवरी
नंद नगरी इलाके में घरेलू कलह के दौरान एक महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतका की शिनाख्त पूजा (25) के रूप हुई है। पूजा के सिर और शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। पूजा के परिजनों ने पति व सास पर दहेज प्रताडना का आरोप लगाते हुए हत्या का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
पुलिस के अलावा क्षेत्रीय एसडीएम मामले की छानबीन कर रहे हैं। पुलिस ने परिवार के बयान के बाद दहेज हत्या का मामला दर्ज कर महिला के पति संजय को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
इधर बुधवार को पोस्टमार्टम के दौरान जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में पूजा और संजय के परिवारों की तू-तू-मैं-मैं हो गई। पुलिस ने समझा-बुझाकर दोनों परिवारों को शांत कराया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक पूजा अपने परिवार के साथ सी-1/160 नंद नगरी में रहती थी। करीब छह साल पूर्व इसने संजय नामक युवक से प्रेम विवाह किया था। फिलहाल इनके यहां खुशी (5) और दिशा (4) दो बेटियां हैं। संजय प्राइवेट नौकरी करता है। पूजा की मां सुशीला ने आरोप लगाया कि दहेज के लिए उनकी बेटी को परेशान किया जाता था।
अक्सर उसके साथ सास व पति मारपीट भी करते थे। सोमवार शाम तक पूजा नंद नगरी स्थित ही अपने मायके में थी। रात 8.00 बजे वह घर चली गई। मंगलवार दिन में उसकी अपने भाई वरुण से भी बात हुई थी, तब भी वह ठीक थी।
इस बीच मंगलवार शाम करीब 4.30 बजे संजय से सुशीला को कॉल कर बताया कि पूजा की तबीयत खराब हो गई है, वह उसे जीटीबी अस्पताल ले जा रहे हैं। अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि पूजा की मौत हो चुकी थी। उसके सिर पर दायी ओर किसी भारी वस्तु से वार करने का निशान था। उसकी आंख भी सूजी हुई थी।
इसके अलावा शरीर पर चोट के अन्य निशान भी थे। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बुधवार को पूजा के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।