राजेंद्र नगर इलाके में एक बुजुर्ग की हिम्मत के आगे बदमाशों के हौसले पस्त हो गए। बदमाश बुजुर्ग दंपति को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन बुजुर्ग किसी बहाने से घर से बाहर निकले और शोर मचा दिया।
शोर सुनकर बदमाश घर में खिलौने वाली पिस्टल और चाकू छोड़कर फरार हो गए। खास बात यह है कि बुजुर्ग ने अपनी बहन के दामाद पर ही आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अनित कुमार लुगानी (63) पत्नी जसबीर के साथ न्यू राजेंद्र नगर इलाके में रहते हैं। मस्कट(ओमान) के एक कंपनी में सुप्रीटेंडेंट के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद अनित 1 जुलाई को दिल्ली आए थे।
परिवार में उनकी दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। यहां दंपति अकेले रहते हैं। शुक्रवार तड़के चार बजे अनित मेडिटेशन कर रहे थे। इसी दौरान किसी ने कॉलबेल बजाई। अनित की पत्नी ने दरवाजा खोला।