गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान दिल्ली पुलिस पूरे नई दिल्ली इलाके की सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे कर रही थी। लेकिन चोरों ने पुलिस को ठेंगा दिखाते हुए दिल्ली का दिल कहे जाने वाले कनॉट प्लेस स्थित घडिय़ों के नामी शोरूम से 1.30 करोड़ रुपये की कीमती घडिय़ा उड़ा ली। सुबह जब चोरी की वारदात का पता चला तो हडक़ंप मच गया। खबर मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई।
शुरूआती जांच के बाद पता चला है कि वारदात के समय शोरूम का गार्ड तबीयत खराब होने की वजह से ड्यूटी पर नही था। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। वहीं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घडिय़ों की कीमत की अधिकारिक पुष्टि नहीं कर रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक रीगल बिल्डिंग में गांगूली ब्रॉदर्स के नाम से घडिय़ों का शोरूम हैं।
यहां पर सीको, केसियो फॉसिल, ओमेगा, रोडा आदि बड़े और महंगे ब्रांड की घडिय़ां बेची जाती हैं। शिकायतकर्ता मयंक बड़ौदिया ने बताया कि रविवार सुबह उनके सिक्योरिटी गार्ड ने चोरी की सूचना दी। शोरूम पहुंचने पर पता चला कि वहां से शटर उखाड़कर करीब 680 कीमती घडिय़ों को चोरी कर लिया गया था। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पर पहुंची पुलिस को मयंक ने बताया कि काफी पुराना शोरूम होने के कारण रात के समय किसी हादसे (आग लगने) के डर से शोरूम के सीसीटीवी कैमरों को बंद कर दिया जाता है। उसी का फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदा को अंजाम दिया।
बदमाश शोरूम में ठीक होने आई घडिय़ों को भी उड़ाकर ले गए। इसके अलावा शोरूम के गल्ले में रखे डेढ़ से दो लाख रुपयों को भी चोर अपने साथ लग गए। पुलिस ने शोरूम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शोरूम से क्या-क्या चोरी हुई इसकी अभी पुलिस को लिस्ट नहीं दी गई है। लिस्ट मिलने और जांच के बाद ही चोरी के बाद नुकसान का सही पता चल पाएगा।