दिल्ली में पुलिस ने अलग-अलग जगहों से दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध शराब के 89 कार्टन बरामद किए गए हैं। दक्षिण-पूर्व जिला डीसीपी चिन्मय बिश्वाल के अनुसार, सरिता विहार थाना पुलिस ने आरोपी ओम प्रकाश उर्फ ओमी (24) को जगदंबा कॉलोनी, मदनपुर खादर से गिरफ्तार किया है।
यहां एक घर से अवैध शराब के 50 कॉर्टन बरामद किए गए। आरोपी ने बताया कि वह जगदंबा कॉलोनी निवासी कमल उर्फ कोमल (45) के संपर्क में आया। अपोलो अस्पताल में कमल के किडनी का इलाज चल रहा है।
उसने अवैध शराब की सप्लाई के लिए ओमी को प्रतिमाह 6,000 रुपये देने का वादा किया था। ओमी फरीदाबाद से अवैध शराब सस्ते दामों पर लेकर आता था। वहीं अमर कॉलोनी थाना पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के आरोप में पुलप्रह्लादपुर निवासी मोहम्मद खान (26) को गिरफ्तार किया है। इसके कब्जे से अवैध शराब के 39 कार्टन बरामद किए गए। आरोपी सूरजकुंड, हरियाणा से लेकर खोड़ा कॉलोनी (गाजियाबाद) में अवैध शराब की सप्लाई करता था। ब्यूरो