सेक्टर 51, सेक्टर- 18 और दिल्ली के कृष्णा नगर स्थित एक्सिस बैंक के बाद अब नोएडा के सेक्टर-29 स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में भी फर्जी खातों की बात सामने आई है। आयकर विभाग के अधिकारियों के मुताबिक फर्जीवाड़ा करने वालों ने पूछताछ के दौरान बताया कि उन्होंने फर्जी आईडी पर कई खाते खुलवाए। इन खातों की संख्या इतनी अधिक है कि धोखाधड़ी कर खाते खुलवाने वाले लोग खुद इसकी गिनती नहीं कर पा रहे हैं। विभाग के मुताबिक अन्य बैंकों में भी फर्जी आईडी पर खाते हो सकते हैं।
गौरतलब है कि एक्सिस बैंक की विभिन्न शाखाओं में खोले गए 63 खातों में 165 करोड़ रुपये जमा होने की जांच पहले से ही चल रही है। इसमें सेक्टर-18 स्थित एक्सिस बैंक आयकर विभाग को 23 संदिग्ध खातों की जानकारी दे चुका है। आयकर अधिकारी पहले ही कह चुके हैं कि फर्जीवाड़े का जाल काफी बड़ा है। इसी क्रम में जांच जारी है।
शुरुआत में सेक्टर- 51 स्थित एक्सिस बैंक में फर्जी आईडी पर खुलवाने की बात सामने आई थी। इस दौरान 20 खातों में 60 करोड़ रुपये होेने का पता चला था। बैंक पर छापेमारी के दौरान दिल्ली के पीतमपुरा निवासी नंदू पासवान के खाते में करोड़ों रुपये के लेनदेन का पता चला था।
नंदू पीतमपुरा में केबल कारोबारी अन्नू के पास 2012 से काम कर रहा था। फर्जी आईडी के आधार पर नंदू का चालू और बचत खाता खुलवाया गया था। उसके खाते हिमांशी इंटरप्राइजेज के नाम से खोले गए थे और उसी को प्रोपराइटर बनाया गया था। फर्जीवाड़ा करने वालों को ट्रेस करके आयकर विभाग उनसे पूछताछ कर रही है, जिनसे बड़े खुलासे हो रहे हैं। ईडी भी मामले की जांच में जुटी हुई है।