कंझावला इलाके में ईद के बाद कुर्बानी के कचरे को फेंकने जा रहे दो लोगों को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया गया। आरोप है कि हमलावरों ने बीफ होने के शक में पीड़ितों पर हमला किया था।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। घटना की जानकारी के बाद इलाके में दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। जिसे देखते हुए वहां भारी संख्या में पुलिसबल तैनात कर दिया गया है।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने हमला करने वाले चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। घायलों का संजय गांधी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, घायलों की पहचान हाफिज अब्दुल खालिद (28) और अली हसन (40) के रूप में हुई है। अली हसन पेशे से ड्राइवर है।
जबकि हाफिज अब्दुल खालिद किराड़ी प्रेम नगर स्थित मदरसे में बच्चों को तालीम देता है। बुधवार दोपहर ईद पर कुर्बानी देने के बाद देर शाम वे कचरे को टैंपो में लादकर मुंडका रोहतक रोड से रानी खेड़ा की तरफ जा रहे थे।