पुलिस ने नकली शराब बनाकर बेचने में जुटे गिरोह का खुलासा किया है। एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने एक शराब तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है जबकि उसके दो साथी फरार हो गए।
आरोपी के कब्जे से पुलिस ने दो कार, 103 तीन पेटियां हरियाणा मार्का शराब, नकली शराब से भरे बड़ी संख्या में क्वार्टर और नकली शराब बनाने में इस्तेमाल किए जाने वाला केमिकल, 315 बोर का तमंचा व कारतूस समेत अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी हरियाणा से शराब की तस्करी करते थे और उसी की आड़ में नकली शराब बनाकर लोगों आसपास के गांवों में सप्लाई करते थे। दनकौर पुलिस टीम पर शनिवार को शराब तस्कर फायरिंग कर फरार होने में कामयाब रहे थे।
इसके बाद तस्करों को पकड़ने के लिए एंटी एक्सटॉर्शन सेल को जिम्मेदारी दी गई थी। सेल प्रभारी अजय कुमार शर्मा की टीम ने शनिवार देर रात गांव अटाई के पास तस्करों को घेर लिया।
टीम ने मुठभेड़ के बाद ग्रेटर नोएडा के सबसे बड़े शराब तस्कर दर्शन पुत्र जगदीश निवासी जुनैदपुर को गिरफ्तार कर लिया। जबकि जतिन निवासी कनारसी और सोनू निवासी पीपलका फरार हो गए। आरोपी दर्शन पर एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह कई वर्षों से शराब तस्करी और नकली शराब बेचने में जुटा था।
एक लीटर केमिकल से बनाते हैं बीस लीटर शराब
पुलिस के मुताबिक आरोपी पूरे ग्रेटर नोएडा में प्रतिबंधित शराब की सप्लाई और नकली शराब बनाकर बेचने में जुटे थे। आरोपियों का कोई स्थायी ठिकाना नहीं था।
वह अपने साथ रेक्टिफिएड केमिकल समेत नकली शराब बनाने का सारा सामान रखते थे। जिससे अलग अलग स्थानों पर नकली शराब बनाते थे। आरोपी रेक्टिफिएड केमिकल के एक लीटर से 20 लीटर शराब बनाकर आसपास के गांवों और कस्बों में सप्लाई करते थे।