सूरजकुंड रोड पर मानव रचना यूनिवर्सिटी के पास स्थित शिबिया रेस्टोरेंट में बृहस्पतिवार तड़के घुसे चार चोर करीब पांच लाख रुपये कीमत की संपत्ति निकाल ले गए।
चोरों की यह कारस्तानी रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। एसीपी क्राइम राजेश चेची ने चोरों को पकड़ने के लिए टीम गठित कर जांच शुरू करवाई है।
सीसीटीवी कैमरे में कैद चोर तड़के करीब चार बजे होटल के मुख्य गेट से अंदर घुसे। हाथ में तमंचे लिए चार चोरों में से दो फांद कर काउंटर के कैश बॉक्स की ओर पहुंचे। यहां उन्होंने स्क्रू ड्राइवर की मदद से काउंटर की सभी दराजें खोलीं। इसमें रखी सिगरेट, नकदी, मोबाइल फोन आदि चोरों ने बैग और बोरों में भर लिया।
जाते जाते चोर एलईडी टीवी भी खोल ले गए। चोरों ने चेहरे भी नहीं ढके थे। वे करीब बीस मिनट में सारा सामान बटोर कर बाहर खड़ी होंडा सिटी कार से फरार हो गए। रेस्टोरेंट मालिक अंकित अरोड़ा के मुताबिक चोर 30 हजार रुपयों के साथ करीब पांच लाख रुपये कीमत की सिगरेट, चॉकलेट व अन्य सामान निकाल ले गए हैं। उन्होंने सूरजकुंड थाने में चोरी की शिकायत दी है।