बिंदापुर थाना पुलिस ने कागज के बंडल को नोट बताकर ठगी करने वाले एक बदमाश रमेश को गिरफ्तार किया है। हस्तसाल जेेजे कॉलोनी निवासी रमेश पिता बालकृष्ण के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देता था।
पुलिस ने उसके पिता की तलाश कर रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से कान की बालियां बरामद की है। पुलिस के अनुसार बिंदापुर इलाके में रहने वाली एक महिला ने बुधवार को थाने में ठगी की शिकायत दर्ज करवाई थी।
शिकायत में उसने बताया कि बुधवार सुबह संतोष पार्क के पास दो लोगों ने उससे गुरुग्राम जाने का रास्ता पूछा। उसके बाद आरोपियों ने महिला को एक बंडल दिखाया और बताया कि इसमें लाखों रुपये हैं। उन लोगों ने बंडल के उपर रखे सौ रुपये का नोट उसे दिखाया।
फिर महिला को बताया कि यह नोट उसका हो सकता है लेकिन इसके बदले में उसे अपनी कान की बालियां देनी होगी। महिला उनकी बातों में आकर बालियां दे दी। कुछ देर बाद जब पीड़िता ने बंडल खोला तो उसमें सिर्फ एक सौ रुपये का नोट था।
बाकी सारे कागज के टुकड़े थे। उसने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद दो लोगों की पहचान कर रमेश को दबोच लिया।