पटेल नगर स्थित सोमवार बाजार में चेन लूटकर भाग रहे दो स्नैचर से एक महिला भिड़ गई। बहादुरी दिखाकर महिला ने एक स्नैचर को दबोच लिया। दूसरा आरोपी चेन लेकर भाग गया।
स्नैचर की पब्लिक ने धुनाई की और सिहानी गेट पुलिस को सौंप दिया। लोगों की धुनाई से घायल हुए स्नैचर को पुलिस ने एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के मुताबिक शिब्बनपुरा निवासी प्रीति पत्नी दीपक ने शिकायत दर्ज कराई है। वसुधंरा में एक निजी कंपनी में फील्ड वर्कर दीपक ने बताया कि सोमवार रात वह पत्नी प्रीति व बहन के साथ बाजार गए थे।
इसी दौरान दो चेन स्नैचर ने प्रीति की चेन लूट ली। प्रीति ने शोर मचाकर उनका पीछा किया। शोर सुनकर लोगों ने स्नैचर को घेर लिया। प्रीति उनसे भिड़ गई। हालांकि एक स्नैचर भाग गया, दूसरे को पब्लिक ने जमकर पीटा।
सूचना पर पहुंची सिहानी गेट पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली, लेकिन चेन नहीं मिली। आरोपी ने बताया कि भागते वक्त चेन उसने अपने साथी को दे दी थी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया।
उसे एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएचओ सिहानीगेट अशोक सिसौदिया ने बताया कि पकड़ा गया स्नैचर पिलखुवा का रिंकू है। उसके आपराधिक रिकार्ड की जानकारी की जा रही है।