कविनगर पुलिस ने होमगार्ड सोनू तोमर को गिरफ्तार किया है। वह किराए पर जिप्सी और कार लेकर उस पर नीली बत्ती लगाकर चलता था।
खुद को सेल्स टैक्स अफसर और आरटीओ बताकर हाईवे पर ट्रकों और मालवाहकों से उगाही करता था। उसके साथी भागे हुए हैं, जिनकी तलाश जारी है।
कविनगर एसएचओ अवनीश गौतम ने बताया कि सोनू मसूरी का रहने वाला है। वह छठी बटालियन में होमगार्ड है। 2009 में भर्ती हुआ था। सेक्टर-39 नोएडा में उसकी तैनाती चल रही थी।
शनिवार रात पीसीआर पर गश्त कर रहे पुलिसवालों ने बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र में ट्रक चालकों से कुछ लोगों को झगड़ते हुए देखा।
पुलिस को देखकर दो-तीन लोग तो भाग गए, जबकि एक को पुलिस ने दबोच लिया। छानबीन में पता चला कि पकड़ा गया सोनू होमगार्ड है और ट्रक चालकों से उगाही कर रहा था। वह खुद को आरटीओ बता रहा था।
ट्रक चालकों ने बताया कि सोनू पहले भी उनसे सेल्स टैक्स अफसर और आरटीओ बताकर उगाही कर चुका है।
एसएचओ ने बताया कि होमगार्ड पर कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को भी लिखा जा रहा है। दूसरी तरफ, सोनू खुद को बेकुसूर बता रहा है।