नए साल का जश्न मनाने के लिए एक होटल में ठहरे एक युवक ने बगल के कमरे में ठहरी महिला से छेड़छाड़ की।
पति ने विरोध किया तो उसने साथियों को बुलाकर उसकी पिटाई कर दी। आरोपियों ने महिला के बुलाने पर पहुंचे पुलिस के जवानों को भी पीट दिया।
ओल्ड दिल्ली रोड के एक होटल में 31 दिसंबर की रात आठ युवकों और चार युवतियों ने छह कमरे बुक करा रखे थे। इन कमरों के पास दिल्ली का रहने वाला एक दंपति ठहरा हुआ था।
खाना खाने के दौरान एक युवक ने महिला से छेड़छाड़ की। उसके पति ने विरोध किया तो उसने चार अन्य दोस्तों को बुलाकर उसकी जमकर पिटाई की। उधर, महिला ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी।
सेक्टर 14 चौकी के दो सिपाही वहां पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी पीट दिया। इस पर थाना प्रभारी के साथ पुलिस बल पहुंचा और होटल की तलाशी लेकर ऋषि धींगड़ा, अभिषेक जेन, प्रियांश, मनी धींगड़ा, जतिन जैन, अक्षय शर्मा, सन्नी धींगड़ा, तान्या चौधरी, तान्या गुलाटी, समीक्षा व जैनसी को गिरफ्तार कर लिया।
मेडिकल चेकअप में इन सभी लोगों के शराब होने की पुष्टि हुई। होटल प्रबंधन से सीसीटीवी फुटेज मांगा गया है।
पुलिस ने सभी 12 आरोपियों को महिला से छेड़छाड़, मारपीट व सरकारी काम में बाधा डालने की धाराओं में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया।
चारों युवतियों को जमानत पर छोड़ दिया गया है, जबकि आठों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेजा गया है।