हैलो यार मैं शर्मा बोल रहा हूं, मेरी मथुरा में जब कट गई है, मुझे 10 हजार रुपये की जरूरत है, आप तुरंत पेटीएम के जरिये पैसे भेज दो...। जी हां कुछ इसी अंदाज में बदमाश ने 73 साल के एक बुजुर्ग से ठगी कर ली। आरोपी ने बुजुर्ग कृष्ण कुमार गर्ग को आश्वासन दिया कि वह दिल्ली पहुंचते ही उनके रुपये लौटा देगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
पीड़ित ने जब दिए गए नंबर से संपर्क करने का प्रयास किया तो उससे संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद बुजुर्ग को ठगी का पता चला। मामले की शिकायत शकरपुर थाना पुलिस से की गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक बुजुर्ग कृष्ण कुमार गर्ग परिवार के साथ डी-ब्लॉक में रहते हैं। कृष्ण सरकारी नौकरी से रिटायर हैं। 15 सितंबर शाम को कृष्ण के मोबाइल पर एक कॉल आया। आरोपी ने खुद को शर्मा बताते हुए कृष्ण का दोस्त बनाया। आरोपी ने बताया कि वह मथुरा में है और उसकी जेब कट गई है। कृष्ण कुमार समझे की कोई उनका दोस्त बोल रहा है। वह मुसीबत में है।
आरोपी ने एक मोबाइल नंबर देते हुए कहा कि उसे 10 हजार रुपये की जरूरत है। वह फौरन रुपये उन्हें भेज दे। कृष्ण ने तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिये आरोपी को दस हजार रुपये भेज दिए।
इधर आरोपी ने दिल्ली पहुंचते ही रुपये देने का भरोसा दिया था। लेकिन रुपये नहीं मिले तो कृष्ण कुमार ने दिए गए मोबाइल नंबर पर कॉल करने का प्रयास किया, लेकिन उससे कोई संपर्क नहीं हो पाया। बाद में कृष्ण कुमार को पता चला कि उनके साथ ठगी हुई है। अब उन्होंने ठगी की शिकायत शकरपुर थाने में की है।