दिल्ली के गांधी नगर इलाके में एक लावारिस कुत्ते के मुंह में सरिया डालकर लकड़ी के फट्टे से बेरहमी से पीट-पीटकर मार डालने के आरोप में पुलिस ने सतपाल चौधरी और उसके बेटे तरुण उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया है। कुत्ते को मारते समय किसी ने इनका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।
इसके बाद एनजीओ की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया। इधर, इलाके के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए मंगलवार रात गांधी नगर थाने के बाहर प्रदर्शन कर कैंडल मार्च भी निकाला।
पुलिस के मुताबिक, 22 अप्रैल की रात गांधी नगर में आरोपी पिता-पुत्र ने बेरहमी से सरिया मुंह में डालकर कुत्ते को लकड़ी के फट्टे से पीट-पीटकर मार डाला। बाद में उन्होंने कुत्ते को एक बोरे में बंद कर यमुना खादर में डाल दिया।
वीडियो वायरल होते ही पशुओं के लिए काम करने वाला एनजीओ हरकत में आया और मामला दर्ज करा दिया। सतपाल ने दावा किया कि कुत्ते ने उसे व उसके बेटे के अलावा दर्जनों लोगों को काटा था। वहीं स्थानीय निवासी संतरात का कहना है कि वह दो साल से कुत्ते को दूध व खाना दे रहे थे।
वह किसी को परेशान नहीं करता था। इलाके में ऐसे करीब 50 कुत्ते हैं, लेकिन किसी ने स्थानीय निवासियों को नहीं काटा। जिला पुलिस उपायुक्त नूपुर प्रसाद ने बताया कि पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।