बदरपुर बॉर्डर क्राइम ब्रांच टीम ने तस्करी कर मथुरा से दिल्ली ले जाई जा रही 60 किलो ग्राम चांदी बरामद की है। साथ ही राम किशन, किशोर और हरि निवासी गोविंद नगर मथुरा (यूपी) को गिरफ्तार किया है।
फिलहाल, तीनों से पूछताछ की जा रही है। सीआईए बॉर्डर इंचार्ज इंस्पेक्टर विमल कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह उनकी टीम ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर रुटीन चेकिंग कर रही थी।
मथुरा की ओर से आने वाली ट्रेन में बैठे तीन लोग पुलिस की चेकिंग देख उतर कर भागने लगे। उन्हें रोक कर तलाशी ली गई तो उनके बैग में भारी मात्रा में चांदी की पायल, चेन आदि मिलीं। उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
तौलने पर चांदी के जेवरों का वजन साठ किलोग्राम पाया गया। पूछताछ में रामकिशन ने बताया कि बिक्रीकर, सेवाकर और वैट आदि बचाने के लिए वह लोग लगभग दस साल से सोने-चांदी के जेवरों की तस्करी करते हैं।