शाहदरा जिला पुलिस ने नाबालिगों को नशे का आदी बनाकर उन्हें अपने एजेंट के मार्फत ड्रग्स सप्लाई करने वाले एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शहीद नगर गाजियाबाद निवासी शाहिद उर्फ फट्टी (36) के रूप में हुई है। इसके पास से पुलिस को 291.5 ग्राम स्मैक मिला है। जिसकी कीमत करीब 8 लाख रुपये है।
जिला पुलिस उपायुक्त नूपुर प्रसाद ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी स्मैक सप्लाई करने वाले गैंग का सरगना है। वह अपने सहयोगियों के साथ लोनी गाजियाबाद और बदायूं से स्मैक की खेप खरीदता है।
उसके बाद उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर उत्तर प्रदेश के बॉडर इलाके में अपने एजेंटों को सप्लाई कर देता है। उसके मुताबिक गैंग के एजेंट एक दिन में पांच सौ पुड़िया बेच देते हैं। एक पुड़िये की कीमत तीन सौ रुपये होती है।
गौरतलब है कि सीमापुरी पुलिस ने गत 14 फरवरी को मुन्ना नाम के एक एजेंट को स्मैक की 900 पुड़ियों के साथ पकड़ा था। पुलिस ने नशे के आदी तीन नाबालिगों को पूनर्वास केंद्र भेजा था।