ई-वॉलेट मोबिक्विक से ऑनलाइन 19 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में साइबर सेल ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी निजी बैंक की मुंबई शाखा में सीनियर मैनेजर है।
आरोपी ने 3 महीने में 1850 ट्रांजेक्शन कर ई वॉलेट से करीब 91 लाख रुपये निकाले हैं। पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते में 28 लाख रुपये फ्रीज करवा दिए हैं। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर छह दिन की रिमांड पर लिया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। रिमांड के दौरान आरोपी से बकाया राशि रिकवरी करवाई जाएगी। बता दें कि सेक्टर-53 थाना पुलिस ने ई वॉलेट मोबिक्विक के साथ ई-वॉलेट ट्रांजेक्शन कर कुछ लोगों ने 19 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया था।
मामले को जांच के लिए साइबर सेल में भेजा गया। यहां पुलिस ने अब तक करीब 8 करोड़ रुपये की रिकवरी की है। इस मामले में साइबर सेल ने मुंबई से एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।