गाजीपुर में स्कूल बंक कर नहर में नहाने गए तीन छात्रों में से एक कोंडली नहर में डूब गया। बाकी दोनों छात्रों ने डूबे साथी के घर पहुंचकर उसके गायब होने की कहानी सुना दी। इधर, परिजन छात्र की तलाश करते रहे। परिवार की शिकायत पर गाजीपुर थाना पुलिस ने भी अपहरण का मामला दर्ज कर लिया।
दोनों छात्रों ने बुधवार सुबह डूबने की बात परिवार को बताई। सुबह दमकल व बोट क्लब को सूचना मिली, तो शव पानी से बाहर निकाला गया। मृतक की शिनाख्त मोहम्मद अतीक (14) के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के मुताबिक, अतीक परिवार के साथ 1172, मंगल बाजार, खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद में रहता था। परिवार में पिता, मां, दो भाई व एक बहन है। अतीक न्यू अशोक नगर स्थित सरकारी स्कूल में नौंवी कक्षा का छात्र था। मंगलवार दोपहर को अतीक व उसके साथ पढ़ने वाला पड़ोसी रिहान व एक अन्य स्कूल के लिए घर से निकले थे, लेकिन बजाय स्कूल जाने के तीनों राजबीर कॉलोनी के सामने गाजीपुर में कोंडली नहर में नहाने लगे। इस बीच अतीक पानी में डूब गया।
दोनों दोस्त अतीक के डूबने से डर गए। उन्होंने घर पहुंचकर बताया कि अतीक गायब हो गया है। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर सूचना गाजीपुर थाना पुलिस से की। छानबीन के बाद अपहरण का मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया। इधर, बुधवार सुबह रिहान व उसके दोस्त से पूछा गया, तो अतीक के डूबने की बात बताई।