शिल्पी नाम की सेल्स गर्ल की सूझबूझ और हिम्मत के चलते ज्वेलरी शोरूम लुटने से बच गया। फिल्मी स्टाइल में डकैती डालने पहुंचे बदमाश शिल्पी की सूझबूझ के चलते भाग खड़े हुए। जाते हुए बदमाशों ने ज्वेलर पर हमला भी किया, जिसमें उसके हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। उनकी यह करतूत सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
पुलिस के अनुसार, शिल्पी नाम की युवती महिपालपुर स्थित शुभ ओम ज्वेलर्स पर बतौर सेल्स गर्ल काम करती है। शुक्रवार दोपहर को करीब 1:45 बजे चार से पांच बदमाश हथियार लहराते हुए शोरूम में घुसे। तीन के हाथों में पिस्टल थी, जबकि अन्य धारदार हथियार लिए थे।
बदमाशों ने घुसते ही ज्वेलर हरिओम की कनपटी पर पिस्टल तान दी। जब ये लोग शोरूम से ज्वेलरी समेटने लगे, तभी शिल्पी ने हिम्मत दिखाते हुए कहा कि उसने 100 नंबर पर कॉल कर दी है और कुछ ही देर में पुलिस पहुंच रही है। हालांकि शिल्पी ने पुलिस को सूचना नहीं दी थी। अधिकारियाें के अनुसार, उसने बदमाशों को डराने के लिए ऐसा कहा था।
शिल्पी की बात सुनकर बदमाशों के हौसले पस्त हो गए और वह दुकान से भागने लगे। जाते हुए बदमाशों ने ज्वेलर हरिओम पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। वे हरिओम का मोबाइल भी ले गए। सूचना मिलते ही पास में ही गश्त कर रहे वसंत कुंज (नॉर्थ) थानाध्यक्ष मनमोहन सिंह टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
हालांकि तब तक बदमाश भाग गए थे। पुलिस के अनुसार, बदमाशों की करतूत सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने दावा किया है कि बदमाशों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।