द्वारका नार्थ पुलिस ने एक ऐसे ठग को गिरफ्तार किया है, जो मरम्मत के बहाने लोगों के इलेक्ट्रॉनिक्स सामान लेकर फरार हो जाता था। बाद में उसे ठीक कर ओएलएक्स पर बेच देता था। आरोपी के पास से काफी संख्या में लैपटॉप व अन्य सामान मिले हैं।
पुलिस उपायुक्त शिबेश सिंह ने बताया कि ककरौला निवासी साजिद अख्तर ने गत वर्ष दिसंबर माह में लैपटॉप ठीक करवाने के लिए इंटरनेट पर रिपेयर सेंटर की तलाश की। उसे जस्ट डायल के जरिये सर्विस सेंटर चलाने वाले भरत गुप्ता का मोबाइल फोन नंबर मिला। बातचीत के बाद साजिद ने भरत को लैपटॉप मरम्मत के लिए दे दिया। इसके एवज में भरत ने एक रसीद भी दी।
मरम्मत की अवधि पूरा होने पर साजिद ने भरत से संपर्क किया, लेकिन उसका फोन बंद मिला। बताए पते पर जब पहुंचा तो पता फर्जी निकला। इसके बाद साजिद ने द्वारका नार्थ थाने में मामला दर्ज करवा दिया।
थाना प्रभारी जसमोहिंदर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की तकनीकी जांच कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से तीन लैपटॉप, दो प्रिंटर, दो एलईडी स्क्रीन, कीबोर्ड और हार्डडिस्क मिला। पुलिस ने बताया कि भरत गुप्ता(27) नांगलोई का रहने वाला है।
वह इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की मरम्मत का काम करता है। कुछ माह पहले उसने फर्जी पते पर खुद को जस्ट डायल में रजिस्टर्ड करवाया। ग्राहक का मैसेज आने पर वह उनसे संपर्क करता था और उससे सामान लेकर घर चला जाता था। सामान का मरम्मत करने के बाद उसे ओएलएक्स पर बेच देता था।