दिल्ली की जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की असिस्टेंट प्रोफेसर ने एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। आरोप है कि युवक शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था।
वसंत विहार थाना पुलिस ने मामला दर्जकर तफ्तीश शुरू कर दी है। दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार पीड़ित प्रोफेसर महरौली में रहती है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी युवक विनय कुमार पिछले 11 महीने से उसके साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म कर रहा था।
अब आरोपी शादी नहीं कर रहा है। वह कहीं और शादी कर रहा है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी सीबीआई में नौकरी करता है। शुक्रवार शाम तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया था। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए कई जगह छापेमारी कर रही है।
दुष्कर्म मामले में बैंक का पूर्व सीईओ गिरफ्तार
दिल्ली के वसंत कुंज (नॉर्थ) थाना पुलिस ने एयर होस्टेस के साथ दुष्कर्म व ठगी के मामले में आईडीएफसी कैपिटल लि. बैंक के पूर्व सीईओ को गिरफ्तार किया है। आरोपी सीईओ ने सुप्रीम कोर्ट से जमानत लेने का प्रयास किया था। कोर्ट ने जमानत देने से इनकार कर दिया तो आरोपी ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सात दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। दक्षिण जिला पुलिस अधिकारी इस मामले में कुछ भी नहीं बोल रहे हैं। बैंक बड़े उद्योग घरानाें को लोन देने का काम करती है।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सीईओ की मुंबई में एयर होस्टेस से मुलाकात हुई थी। बताया जा रहा है कि दोनों काफी दिन तक लिव इन रिलेशन में रहे थे। इसके बाद एयर होस्टेस ने पिछले वर्ष वसंत कुंज (नॉर्थ) थाने में दुष्कर्म व ठगी का मामला दर्ज कराया था। वसंत कुंज थाना पुलिस ने मामला दर्जकर तफ्तीश शुरू कर दी थी। लेकिन पुलिस सीईओ को गिरफ्तार नहीं कर पाई थी। कोर्ट ने आरोपी को भगोड़ा घोषित कर दिया था। वसंत विहार में रहने वाले सीईओ ने बृहस्पतिवार को सुप्रीम कोर्ट में जमानत के लिए आवेदन किया था।
सुप्रीम कोर्ट ने आरोपी को जमानत देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद आरोपी ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। पुलिस आरोपी को शुक्रवार को तफ्तीश के लिए मुंबई लेकर गई। आरोपी इस समय एक फर्म चला रहा है और वह पहले से शादीशुदा है।
बेटी को जान से मारने की धमकी देकर किया रेप
फरीदाबाद के ब्यूटी पार्लर में काम करने वाले महिला से दोस्ती करने के बाद एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध किया तो बेटी को जान से मारने की धमकी दे गहने भी उतरवा लिए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र निवासी महिला ब्यूटी पार्लर में नौकरी कर परिवार चलाती है। पार्लर में उसके साथ एक अन्य युवक भी नौकरी करता है। साथी कर्मचारी का दोस्त चमन सैनी निवासी अजरौंदा उससे मिलने ब्यूटी पार्लर आता रहता था। उसने महिला की दोस्ती चमन से भी करा दी। दोस्ती होने के बाद चमन अक्सर पार्लर बंद होने के समय पहुंच जाता था और महिला को गाड़ी से घर तक छोड़ने की पेशकश करता था।
उस पर भरोसा कर महिला उसके साथ बैठ कर जाने लगी। पीड़िता के मुताबिक चार दिसंबर 2014 की रात चमन सैनी उसके घर आया और धमका कर उसके साथ दुष्कर्म किया। जाते वक्त चमन उसे धमकी भी दे गया कि अगर किसी को बताया तो बेटी को जान से मार देगा। पीड़िता का आरोप है कि करीब दो माह बाद आरोपी उसे फिर गाड़ी में बैठा कर सोहना ले गया और वहां दुष्कर्म किया। वहां से जान से मारने की धमकी देकर उसके गहने भी उतरवा लिए। एसएचओ सराय ख्वाजा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।