एक इंश्योरेंस कंपनी का कर्मचारी बताकर चार युवकों ने एक रिटायर्ड प्रोफेसर से 90 लाख की पॉलिसी दिलाने का झांसा देकर 14 लाख रुपये ठग लिए।
ठगों ने इनमें से ज्यादातर रकम अपने अकाउंट में ऑनलाइन ट्रांसफर कराई। प्रोफेसर की शिकायत पर कविनगर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
औरेया के जनता महाविद्यालय से रिटायर्ड प्रोफेसर विवेक कुमार वर्मा सेक्टर-23 संजयनगर में रहते हैं। उन्होंने बताया कि एक साल पहले उनके पास एक व्यक्ति ने कॉल की।
उसने खुद को नोएडा स्थित एक कंपनी का कर्मचारी बताकर इंश्योरेंस कराने के लिए कहा। प्लान अच्छा लगा तो प्रोफेसर ने एक इंश्योरेंस पॉलिसी करा ली।
इसके बाद विवेक को गोल्डन प्लान, वीआईपी और एनआरआई श्रेणी के ग्राहक की लिस्ट में शामिल होने के लिए चार अन्य इंश्योरेंस पॉलिसी कराने को कहा।
विवेक ने तीन अन्य इंश्योरेंस खुद के और एक बेटे की करा ली। पांचों पॉलिसी करीब 3 लाख रुपये की कराई। इसके बाद 90 लाख की रकम जल्द दिलाने का झांसा देकर ठग ने उनसे वसुंधरा की एक बैंक शाखा में करीब 11 लाख रुपये अपने दोस्त के अकाउंट में जमा करवा लिए।
इस पैसे को भी इंश्योरेंस की रकम के साथ वापस दिलाने का झांसा दिया। प्रोफेसर ने बताया कि इसके बाद भी रकम नहीं मिली। कॉल करने पर युवक बोला कि रकम लेने के लिए करीब दो लाख रुपये और जमा कराने पड़ेंगे।
इससे युवक पर शक हो गया। उसकी कंपनी के पते पर जाकर जांच की तो पता चला कि कंपनी का एड्रेस गलत था, वह एक बंद पड़ी ट्रैवेल एजेंसी का ऑफिस था। आरोपियों के मोबाइल बंद थे।
प्रोफेसर ने ठगी की शिकायत कविनगर थाने में की। एसएचओ कविनगर अशोक सिसौदिया ने बताया कि केके रस्तोगी, राजेश मेहरा, दीपक और प्रियांशु के नाम रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चारों आरोपी नोएडा के रहने वाले हैं। नोएडा में आरोपी की तलाश में पुलिस ने दबिश दी है।