सोहना रोड स्थित धौज में बिना किसी डिग्री अथवा लाइसेंस के अवैध तरीके चल रहे एक क्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीम ने छापा मार दिया। क्लीनिक संचालक टीम में अपनी डिग्री नहीं दिखा पाया। टीम ने उसके क्लीनिक से कई तरह की दवाईयां बरामद की हैं। टीम ने क्लीनिक को सील दिया। थाना सेक्टर 55 पुलिस ने आरोपी झोलाछाप डाक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
किसी गुप्तचर ने जिला सिविल सर्जन डा. गुलशन अरोड़ा को सूचना दी थी कि धौज गांव निवासी फैज मोहम्मद गांव में अवैध तरीके से नब्जी हकीम के नाम से अपना क्लीनिक चला रहा है। प्रेक्टिस करने के लिए उसके पास किसी तरह की डिग्री अथवा लाइसेंस भी नहीं है। आरोपी अपने क्लीनिक में आने वाले मरीजों की जान जोखिम में डाल कर उन्हें एलोपैथिक दवाईयां धड़ल्ले से देता है।
इस सूचना के बाद सिविल सर्जन ने धौज पीएससी की डा. अन्नू फौगाट, दवा नियंत्रक पूजा चौधरी और करण गोदारा को शामिल कर टीम गठित कर दी और छापा मारने के आदेश दे दिए। टीम ने मौके पर जाकर फैज मोहम्मद को प्रैक्टिस करने की डिग्री दिखाने के लिए कहा। लेकिन वह नहीं दिखा पाया।
तलाशी के दौरान टीम ने उसके क्लीनिक से कई तरह एलोपैथिक दवाईयां बरामद की है। आरोपी के पास इन दवाईयों को खरीदने का किसी तरह बिल भी मौजूद नहीं था। जिसके बाद टीम ने क्लीनिक को सील कर पुलिस को शिकायत दे दी। पुलिस ने डा. फौगाट की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।