पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 व ऊंचा गांव ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए बलराज भाटी गिरोह के कुख्यात बदमाश मनोज मांगरिया, उसके भाई ललित व दो साथियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चार राइफल, एक पिस्तौल, एक कट्टा व 22 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी बड़ी वारदात की फिराक में थे और उसके लिए हथियार जुटा रखे थे। पुलिस चारों को अदालत से रिमांड पर लेकर पूछताछ करने में जुटी है।
क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 प्रभारी इंस्पेक्टर वरुण ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली थी कि मनोज मांगरिया किसी बड़ी वारदात की फिराक में है और अवैध हथियार जमा कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को पाली बस स्टैंड के पास से मनोज व उसके भाई ललित को हिरासत में लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर उसके घर से चार लोडेड राइफल व उसके 20 कारतूस बरामद किए।
पूछताछ के दौरान मनोज ने बताया कि उसके दो साथियों प्रवीण व जावेद के पास भी हथियार छिपा रखे हुए हैं। पुलिस ने उनके ठिकानों पर भी दबिश दी और उनके पास से एक पिस्तौल व कट्टा तथा उसका एक-एक कारतूस बरामद किया। पुलिस ने चारों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर इन्हें गिरफ्तार कर लिया।