पहाडग़ंज इलाके में स्कूटर से टच होने का बहाना कर दो लोगों ने एक युवक की जमकर पिटाई कर दी गयी। बीच बचाव के लिए आए उसके दोस्त पर एक आरोपी ने जानलेवा हमला कर दिया।
मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पहाड़गंज थाना पुलिस ने गंभीर चोट पहुंचाने का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार नितिन सपरिवार आर्या नगर पहाडग़ंज में रहता है। बृहस्पतिवार रात नितिन पहाडग़ंज स्थित श्री पिपलेश्वर बालाजी मंदिर में सेवा करने गया था।
वहां से वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। नितिन के साथ ही उसका दोस्त अजय खुराना अपने स्कूटर से चल रहा था। झंडेवालान स्थित माता मंदिर के पास अचानक एक युवक अजय के स्कूटर के सामने आ गया।
अजय का स्कूटर उस युवक से टच कर गया। इसी दौरान किनारे खड़ा एक अन्य युवक अजय के पास आकर उससे झगड़ा करने लगा। यह देखकर नितिन बीच बचाव के लिए वहां पहुंचा।
दोनों युवक नितिन के साथ झगड़ा करने लगे और एक युवक ने ईट उठाकर नितिन के सिर पर हमला कर दिया। ईट लगते ही नितिन अचेत होकर नीचे गिर गया और लहूलुहान हो गया।
यह सब देखकर आसपास मौजूद लोग वहां पहुंचे और ईट मारने वाले युवक को दबोच कर उसकी जमकर धुनाई कर दी। किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नितिन को लेडी हार्डिंग अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गये आरोपी की पहचान भोला के रूप में हुई है। वह आवारागर्द है और माता मंदिर के पास फुटपाथ पर सोता है। पुलिस फरार उसके सहयोगी की तलाश कर रही है।