दक्षिण जिले की एसटीएफ ने सड़क दुर्घटना में घायल हुए सिपाही को लूटने वाले बदमाश को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाश शातिर झपटमार है और दक्षिण जिले में झपटमारी की 50 से अधिक वारदात कर चुका है।
आरोपी के नाबालिग समेत तीन साथी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। इसके कब्जे से सिपाही से लूटे गए दो सरकारी कारतूस व महंगी घड़ी बरामद की गई है। दक्षिण जिला डीसीपी ईश्वर सिंह के अनुसार मालवीय नगर थाने में तैनात सिपाही शौकत अली 16 फरवरी को पालम जा रहे थे। रास्ते में वह सड़क दुर्घटना में घायल हो गए।
तभी चार-पांच बदमाशों ने उसे घेर लिया और सरकारी पिस्टल, मोबाइल, नकदी आदि लूट कर होंडा सिटी कार में फरार हो गए। वसंत विहार थाना पुलिस मामला दर्जकर मामले की जांच कर रही थी। आरोपी बदमाशों को पकड़ने के लिए दक्षिण जिले की एसटीएफ एसीपी राजेन्द्र सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर विजय चंदेल की टीम को लगाया गया।
एसटीएफ ने 15 अप्रैल को सिपाही से लूटपाट करने वाले दो बदमाश विकास मिश्रा उर्फ भांदा और ललित को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद 29 अप्रैल को एक नाबालिग आरोपी को पकड़ा था। मुख्य आरोपी साहिल फरार था।
एसीपी राजेन्द्र सिंह की टीम व वसंत विहार थाने में तैनात एसआई विशाल चौधरी को 13 मई को सूचना मिली थी कि साहिल चौहान (19) झरेदा गांव के पास आएगा। पुलिस टीम ने यहां घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। उसके पास से दो कारतूस और महंगी घड़ी बरामद की गई। वारदात में प्रयुक्त होंडा सिटी कार व महंगी घड़ी शरद प्रताप ओझा नामक व्यक्ति से लूटी थी।
पुलिस ने इसकी गिरफ्तारी से झपटमारी व रॉबरी के 19 मामलों को सुलझाने का दावा किया है। आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ ऐसे लोगों को शिकार बनाता था तो रात के समय सुनसान जगहों पर अपने वाहनों को पार्क करते थे। आरोपी अशोका होटल में अस्थायी लेबर के तौर पर काम करता था।