मैरिज पोर्टल के जरिए दोस्ती, प्यार और धोखाधड़ी के केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं। यहां लड़कियां कई बार तो गलत व्यक्ति से नजदीकियां बढ़ा बैठती हैं जिसका खामियाजा कभी-कभी तो उन्हें अपनी इज्जत लुटाकर भी चुकाना पड़ता है।
एक के बाद एक कई केस सामने आने के बावजूद ये मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
मैरिज पोर्टल के जरिए ही एक प्ले स्कूल चलाने वाले के संपर्क में आई लड़की के साथ भी ऐसा ही कुछ हुआ जो बेहद शर्मनाक है।
अश्लील हरकत तो की ही, पैसे भी ऐंठ लिए
आगरा ( कैंट स्टेशन रोड के दुर्गा बिल्डिंग) की रहने वाली 32 वर्षीय एक युवती का कहना है कि जनवरी में वह ऑननाइन मैरिज पोर्टल के जरिए गुड़गांव के सेक्टर सात के अभिनव नैथियन के संपर्क में आई थी।
वह न्यू कॉलोनी में सेंट पोल स्टेप इन के नाम से प्ले स्कूल चलाता है। दोनों की ऑनलाइन दोस्ती के बाद युवती के परिवार वाले शादी को राजी हो गए।
इसके बाद उनका मिलना जुलना बढ़ गया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने न सिर्फ उसके साथ कई बार अश्लील हरकतें कीं। बल्कि समय-समय पर स्कूल को बढ़िया बनाने के नाम पर उससे पैसे भी ऐंठता रहा।
शादी से मुकर गया वो
इस दौरान अभिनव ने युवती से पांच लाख रुपये ठग लिए और बाद में शादी से मुकर गया।
पुलिस का कहना है कि महिला सेल की जांच में सारे आरोप सही पाए गए। इसके आधार पर आरोपी के खिलाफ अश्लील हरकत करने व धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। शुक्रवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा।