सेक्टर-10 में रविवार दोपहर उल्टी दिशा में आ रही एक पीसीआर ने कार को टक्कर मार दी, जिससे कार सवार पिता-पुत्र घायल हो गए। पिता के सीट से गिर जाने से गंभीर चोट आई। गाड़ी चला रहे बेटे को मामूली चोट है। पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पास के प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया।
सेंट्रो कार में जैतपुर दिल्ली निवासी हनीफ अंसारी (50) और उनका पुत्र अनीस अंसारी (25) सवार थे। दोनों घर से सेक्टर-10 स्थित अपनी कंपनी आ रहे थे। कार अनीस चला रहा था।
अनीस ने बताया कि सेक्टर-10 ट्रैफिक सिग्नल के पास उलटी दिशा में तेज रफ्तार में आ रही पीसीआर-34 ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर से ड्राइविंग सीट पर एयरबैग खुल जाने से उसे तो ज्यादा चोट नहीं आई।
हालांकि उसके पिता सीट से नीचे गिर गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई और उनके सिर से खून बहने लगा। अनीस ने बताया कि ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने पर भी गलती मानने की बजाए पीसीआर में सवार पुलिसकर्मी उनकी गलती बताने लगे।
उन्होंने कहा कि वह जल्दी में थे। इसके बाद उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को हादसे की सूचना दी। पुलिस ने उन्हें प्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसके पिता को सिर में 8 टांके लगाने पड़े। बाद में उन्हें अस्पताल से रिलीव कर दिया गया। घटना के बाद सेक्टर-10 ट्रैफिक सिग्नल के पास काफी भीड़ जमा हो गई थी जिससे लंबा जाम भी लग गया था।