ओएलएक्स पर मोबाइल बेचने के नाम पर युवक ने न्यायखंड-2 निवासी युवक को ठग लिया। मोबाइल की जगह डिब्बे से कांच का टुकड़ा निकला। पीड़ित ने शिकायत पुलिस से की है।
न्यायखंड-2 निवासी महेश वर्मा ने सात जून को मोबाइल खरीदने के लिए ओएलएक्स पर दिए एक नंबर पर कॉल की थी। फोन पर युवक ने महेश को पहले मोहन नगर और फिर वैशाली बुलाया।
वैशाली में युवक ने उन्हें मोबाइल दिखाते हुए उसकी कीमत 13 हजार रुपये बताई। वह मोबाइल खरीद कर चले ही थे कि युवक ने मोबाइल के डिब्बे में सिम कार्ड छूटने की बात कही।
उन्होंने डिब्बा दिखाया तो युवक ने उसमें से सिम कार्ड निकाल लिया। महेश घर पहुंचे तो डिब्बे में से मोबाइल की जगह कांच का टुकड़ा निकला।
महेश ने मंगलवार को थाना इंदिरापुरम में मामले की शिकायत दी। एसएचओ इंदिरापुरम गोरखनाथ यादव ने बताया कि मोबाइल नंबर के जरिए आरोपी की तलाश की जा रही है।
बरतें सावधानी
सामान खरीदते समय उसकी अच्छी तरह जांच कर लें
वस्तु के ब्रांड और मॉडल आदि की ठीक प्रकार से जांच कर लें
डिलीवरी के बाद सामान को वापस डिलीवरी मैन को न दें
डिलीवरी लेते समय पहले पैकेट की खोलकर जांच करें, इसके बाद ही डिलीवरी मैन को जाने दें