नशे की लत पूरी करने के लिए स्कूटी चोरी करने वाले युवक व चोरी की स्कूटी को खरीदने वाले आरोपी समेत दो लोगों को उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने दबोचा है। आरोपियों की पहचान साहिल उर्फ रोनित (22) और माल के खरीदार रवि सैनी (23) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की गई नौ स्कूटी बरामद की है। दोनों की गिरफ्तारी से वाहन चोरी के सात मामले सुलझाने का दावा किया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त डॉ.अजीत कुमार सिंगला ने बताया कि शनिवार को जिला की स्पेशल स्टॉफ टीम को सूचना मिली थी कि वाहन चोरों का गैंग यमुना विहार मार्केट के पास से गुजरने वाला है।
सूचना के बाद पुलिस ने स्कूटी सवार युवकों को रोक लिया। छानबीन के दौरान दोनों स्कूटी के कागजात नहीं दिखा पाए। जांच के दौरान पता चला कि स्कूटी को आनंद विहार इलाके से चोरी किया गया था।
पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर चोरी की नौ स्कूटी बरामद की। पूछताछ के दौरान साहिल ने बताया कि वह नशे की लत को पूरा करने के लिए स्कूटी चोरी करता था। पेशे से मैकेनिक रवि उसकी स्कूटी खरीदकर ठिकाने लगाता था। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।