पटौदी-हेलीमंडी चौकी में पुताई करने वाले युवक पर दर्ज दुष्कर्म के मामले में नया मोड़ आ गया है। उसके परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवक की पिटाई करने के बाद रेलवे ट्रैक पर फेंका गया है। बृहस्पतिवार को उसके परिजनों ने हेलीमंडी चौकी के सामने हंगामा किया। एसीपी पटौदी ने मौके पर पहुंच कर जांच में न्याय मिलने का आश्वासन दिया।
पुलिस के अनुसार एक नवंबर को हेलीमंडी के टोडापुर की विवाहिता ने बीर सिंह के खिलाफ दुष्कर्म करने व जान से मारने का मामला दर्ज करवाया था। बीर सिंह को मामला दर्ज होने की भनक लगते ही रेल से कटकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि बीर सिंह सफेदी करने के बाद पैसे मांगने महिला के घर पर गया था। वहां की पिटाई की गई। उसे काफी समय तक टॉर्चर किया।
परिजनों ने बताया कि जैसे ही बीर सिंह से फोन पर परिजनों ने संपर्क किया कि तुम कहा हो, तो उसने बताया कि मेरे को यह लोग पकड़कर पीट रहे हैं। मुझे छुड़वाने के लिए यहां आ जाओ। जैसे ही हम वहां गए, तो हमारे सामने ही बीर सिंह को पीटा गया। हमने छुड़वाने की कोशिश की, तो डाट फटकार कर वहां से भगा दिया। लेकिन बीर सिंह को वहीं पर ही रख लिया।
परिजनों ने बताया कि कुछ समय बाद हमारे पास जीआरपी का फोन आया कि बीर सिंह की रेल से कटने से मौत हो गई है। शुक्रवार को मृतक के परिजन व अन्य ग्रामीण पुरूष व महिलाएं हेलीमंडी चौकी पहुंचे और मेन गेट पर लगभग दो घंटे तक धरना प्रदर्शन करते रहे। ग्रामीणों ने पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाए और इंसाफ के लिए गुहार लगाई। एसीपी तान्या सिंह मौके पर पहुंचीं।
परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। जीआरपी की ओर से अन्य धाराओं में कार्रवाई होगी। कार्रवाई करना जीआरपी का काम है।-तान्या सिंह एसीपी पटौदी