दहेज में र्स्कार्पियो गाड़ी और जमीन की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता की हत्या करने के बाद शव को घर में पंखे से लटका दिया। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। करीम पुत्र कल्लू खां निवासी गांव सांचौली थाना सोहना जिला गुरुग्राम ने बताया कि उसकी बहन रूकसीना की शादी आमिर पुत्र जुहरखां निवासी गांव जफराबाद थाना तावडू के साथ 4 दिसंबर 2016 को हुई थी। शादी में परिजनों ने अपनी हैसियत से अधिक दान दहेज दिया था।
मगर ससुराल वाले इतने दान दहेज से खुश नहीं थे। उन्होंने शादी के कुछ दिन बाद से उसकी बहन का उत्पीड़न शुरू कर दिया। वह एक स्कॉर्पियो गाड़ी और मायके में रूकसीना के हिस्से की जमीन अपने नाम कराने की मांग करने लगे।
जब उसकी बहन ने अपनी असमर्र्थता जाहिर की तो उसे जान से मारने की धमकी दी। बहन के साथ हो रहीं यातनाओं के बारे में पता चलने पर परिजनों ने बिरादरी तौर पर ससुराल पक्ष के लोगों को समझाया। मगर वह नहीं माने। पीड़ित का आरोप है कि गत 9 जुलाई को ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी बहन की फांसी लगाकर हत्या कर दी।
पुलिस ने मृतक महिला के भाई के बयान पर पति आमिर, ससुर जुहरू, सास अखलीमा, ननद सोनम व और उसके पति ननदेव के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।