बिंदापुर इलाके में सीबीआई अधिकारी बनकर आए तीन बदमाश एक व्यक्ति के घर में जबरन घुसे और डेढ़ लाख रुपये और दो सोने की अंगूठियों की उगाही कर फरार हो गये। घटना के दौरान बदमाशों ने पीड़ित को मामला दर्ज करने की धमकी देकर बैंक से 90 हजार रुपये भी निकलवा लिए।
तीनों आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गये हैं। पुलिस ने उगाही का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गयी है। पुलिस के अनुसार राजीव कुमार (43) सपरिवार जैन कालोनी उत्तम नगर में रहता है। वह पेशे से वाहन चालक है। गत 20 मई की दोपहर 12 बजे तीन लोग उसके घर में आए।
उस समय घर में राजीव की पत्नी सीमा थी। आरोपियों ने सीमा को बताया कि वह सीबीआई के अधिकारी है। राजीव पर फाइनेंस का दो नंबर का काम करने की शिकायत उन्हें मिली है। सीमा ने पति को फोन कर घर बुलाया।
राजीव के आने के बाद आरोपियों ने उसे एक कागज दिया और बताया कि यह सर्च वारंट है। उसपर राजीव का हस्ताक्षर लेने के बाद बदमाशों ने पूरी घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 60 हजार रुपये, दो अंगूठी और एक पासबुक मिले। बदमाशों ने बताया कि वह झूठ बोल रहा है कि वह पेशे से चालक है। उनके मुताबिक उनका फाइनेंस का दो नंबर का काम करता है।
आईटी रिटर्न नहीं भरने की बात कहकर आरोपी राजीव को धमकाने लगे और उसपर टैक्स चोरी का आरोप लगाने लगे। साथ ही उसके खिलाफ मामला दर्ज करने की धमकी देने लगे। बदमाशों की धमकी से राजीव सहम गया। राजीव ने उन्हें 60 हजार रुपये दे दिए। लेकिन बदमाशों ने इतने रुपये से कुछ नहीं होने की बात कही।
उसके बाद एक आरोपी राजीव के साथ बैंक जाकर उसके अकाउंट से 90 हजार रुपये निकल लिए। आरोपी राजीव को घर के पास छोड़कर चला गया। घर पहुंचने पर पता चला कि दो अन्य लोग भी चले गये हैं। आरोपियों ने सीमा को एक फार्म दिया था। जिसपर केंद्रीय जांच ब्यूरो लोधी रोड का पता लिखा हुआ था।
अरोपियों ने उस फार्म को फाड़ देने के लिए कहा था। राजीव को ठगी का एहसास होने पर उसने थाने में इस बाबत शिकायत दर्ज करवायी। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे का फुटेज कब्जे में किया है, जिसमें तीनों आरोपियों की तस्वीर कैद हो गयी है।