बीटेक स्टूडेंट मयंक हत्याकांड के पीछे पुलिस अवैध संबंधों या ऑनर किलिंग का अंदेशा जता रही है। साथ ही वारदात में किसी करीबी की भूमिका से भी इनकार नहीं कर रही है। दो गोलियां सटाकर मारी गई हैं।
मयंक की कार के डैशबोर्ड पर चॉकलेट मिली। पीछे एक नंबर प्लेट रखी थी। कार की पीछे की सीट पर गिफ्ट रखे थे। जेब में 1700 रुपये मिले। पर्स नहीं मिला है।
कार से मयंक का मोबाइल भी नहीं मिला है। देर रात तक पता नहीं चल सका था कि हमलावर कौन थे और उन्होंने वारदात क्यों की। पुलिस टीमें उनकी तलाश में दबिश दे रही थी।
कार का रजिस्ट्रेशन उसके चाचा सोहनवीर के नाम है। अस्पताल में मयंक की जेब में मिले एटीएम कार्ड से उसकी शिनाख्त हो सकी। एसपी सिटी ने बताया कि मयंक बुलंदशहर से दो बजे गाजियाबाद अपने चाचा-चाची के घर आया था। उसे भोपाल जाना था।
चाचा के घर से मयंक साढे़ चार बजे कार लेकर निकला था कि उसे ट्रेन का टिकट लेना है। मयंक के परिजनों को घटना की सूचना पुलिस ने मोबाइल पर दी।
अस्पताल पहुंचे परिजन बेहाल हैं। वे भी बता नहीं पा रहे हैं कि वारदात किसने और क्यों की होगी? मयंक के चाचा अफ्रीका में जॉब करते हैं।
कोचिंग से लौट रहे छात्र ने मयंक को पहुंचाया अस्पताल
वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को कार में घायल मयंक मिला। वहां पर कुछ छात्र मौजूद थे, जो शोर मचा रहे थे। पुलिस के पहुंचते ही इन छात्रों में से एक छात्र कार चलाकर उसे अस्पताल ले गया।
कार की पीछे की सीट पर सिपाही ने मयंक को लिटाया हुआ था। हालांकि रास्ते में मयंक ने दम तोड़ दिया। इसका मलाल सिपाही और छात्र दोनों को है, उनका कहना है कि पूरा प्रयास मयंक को बचाने के लिए किया, लेकिन वे बचा नहीं सके।
लड़की बोली- ‘भागी नहीं थी मैं’
पुलिस हिरासत में लड़की ने बताया कि वे दोनों में कार में बैठकर बातें कर रहे थे। कार का शीशा खुला था। तभी हमलावर आए और गोलियां मारकर भाग गए।
वारदात के बाद मैं भागी नहीं थी, चाची का फोन नहीं लगा तो लिफ्ट मांगकर उन्हें बुलाने घर चली गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लड़की ने गोली लगने के बाद शोर मचाया था, इससे लोग एकजुट हुए और पुलिस को सूचना दी।
वह कोटा में इंजीनियरिंग की कोचिंग ले रही है, गाजियाबाद में ही उसकी चाची रहती हैं जिनकी घर पर वह आई हुई थी। लड़की भी बुलंदशहर की रहने वाली है।
एसपी सिटी बोले-जल्द होगा खुलासा
एसपी सिटी का दावा है कि हत्यारों के बारे में कुछ सुराग हाथ लगे हैं। वर्क किया जा रहा है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।