सिविल लाइंस के मजनूं का टीला इलाके में सोमवार रात झगड़े के दौरान बीच-बचाव कर रहे एक युवक को बदमाशों ने गोली मार दी। गोली उसके कमर में लगी है। जख्मी हालत में युवक को सुश्रुत ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात साढ़े ग्यारह बजे पुलिस को सूचना मिली कि मजनूं का टीला इलाके में एक युवक को गोली मारी गई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जख्मी युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
उसकी पहचान अरुणा नगर मजनूं का टीला निवासी सुनील(30) के रूप में हुई। उसके कमर में गोली लगी थी। पुलिस ने मामले की छानबीन की तो पता चला कि सुनील खाना खाने के बाद अपने घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान उसने तीन युवक को पड़ोस में रहने वाले युवक से झगड़ा करते देखा।
झगड़ा करने वाले एक युवक के पास चाकू था, जिसे देखकर सुनील वहां पहुंचा और बीच-बचाव की कोशिश करने लगा। चाकू लिए हुए युवक ने उसपर हमला करने की कोशिश की। सुनील ने उसका हाथ पकड़ लिया।
यह देखकर दूसरे युवक ने पिस्टल निकाल कर सुनील पर गोली चला दी। गोली सुनील के कमर में लगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तीनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है। दो युवक तिमारपुर का रहने वाला है, जबकि एक मजनूं का टीला इलाके का है।