द्वारका साउथ इलाके में शनिवार रात तीन बदमाश हवा में फायरिंग कर दो कार लूटकर ले गए। दोनों कार एयरपोर्ट पर कस्टम क्लीयरेंस एजेंट का काम करने वाले दो युवकों की है।
घटना के समय दोनों दोस्त कार खड़ी कर बातचीत कर रहे थे। बदमाश कार में रखे करीब साढ़े तीन लाख रुपये के अलावा अन्य सामान लेकर फरार हो गए। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार विरेंद्र (43) सपरिवार विश्वास पार्क इलाके में रहते हैं। वह दिल्ली एयरपोर्ट पर बतौर कस्टम क्लीयरेंस एजेंट है। उसके साथ ही नजफगढ़ के कुतुब विहार निवासी चंद्रभूषण दुबे (33) भी कस्टम क्लीयरेंस एजेंट है।
9 जुलाई की रात दोनों सेक्टर 11 द्वारका के केएम चौक पर मिले। चंद्रभूषण स्विफ्ट डिजायर कार से आए। वहीं विरेंद्र वर्ना कार से पहुंचे। रात करीब 12 बजे तक दोनों ने कार में बैठकर बातचीत की, फिर दोनों कार से निकलकर सिगरेट पीने लगे।
बदमाशों ने कार में रखे लाखों रुपये भी लूटे
कार लूट
- फोटो : डेमो फोटो
इसी दौरान चौक की तरफ से तीन युवक दौड़ते हुए उनके पास पहुंचे और हवा में फायरिंग करने लगे। एक बदमाश दोनों को गोली मारने की बात कहने लगा। और दूसरे ने विरेंद्र और चंद्रभूषण से रुपये मांगे।
चंद्रभूषण ने बताया कि उसका पर्स कार में है। वहीं बदमाशों ने विरेंद्र के जेब से तीस हजार रुपये निकाल लिए। दो बदमाश विरेंद्र की कार में सवार हो गए और एक बदमाश चंद्रभूषण की कार में सवार होकर दोनों कार लेकर फरार हो गए।
पीड़ितों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद इस बाबत लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया। चंद्रभूषण ने पुलिस को बताया कि उसकी कार में तीन लाख 35 हजार रुपये के अलावा एक लैपटॉप, डेबिट व क्रेडिट कार्ड था।
वहीं विरेंद्र की कार में लैपटॉप, पासपोर्ट, एयरपोर्ट इंट्री पास के अलावा चेकबुक थी। पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि बदमाशों की उम्र करीब 25 से 30 साल के बीच है। पुलिस बदमाशों के हुलिए के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है।